भोपाल। राजधानी भोपाल के जिला कोर्ट में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा के पूर्व सांसद आलोक संजर के बेटे और वकील अनंत संजर पर उनके साले विद्युत भटनागर ने हमला कर दिया। आरोपी ने कोर्ट परिसर में जज के सामने ही धमकी दी और झूमाझटकी के दौरान वकील की शर्ट के बटन तक टूट गए।
घटना के बीच एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अनंत संजर की पत्नी और बेटी भयभीत नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो चार से पांच महीने पुराना है, जिसमें आरोपी घर के बाहर हंगामा करते हुए दरवाजा पीटता दिखाई देता है, जबकि अंदर महिलाएं ‘बचाओ-बचाओ’ की गुहार लगाती सुनाई देती हैं।
अनंत संजर ने बताया कि पूर्व में भी उनके साले द्वारा घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसकी शिकायत कोलार थाने में दर्ज कराई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनकी पत्नी, बेटी और अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट की थी।
जानकारी के अनुसार, विद्युत भटनागर रेलवे में वेटिंग रूम और बोगी रेस्टोरेंट का ठेका संचालित करता था, लेकिन शिकायतों के बाद उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। उसके खिलाफ उसकी पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है, जिसकी पैरवी अनंत संजर कर रहे हैं।
मंगलवार को दहेज मामले में काउंसलिंग के लिए आरोपी की पत्नी को कोर्ट बुलाया गया था। इसी दौरान विद्युत भटनागर वहां पहुंचा और विवाद शुरू हो गया। अनंत द्वारा पत्नी को कोर्ट रूम में भेजते ही आरोपी ने उन पर हमला कर दिया।
घटना के बाद कोर्ट परिसर में वकीलों का जमावड़ा लग गया और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए कोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

