छतरपुर। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र से अपहरण की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ सड़क निर्माण से जुड़ी MKC कंपनी के सुपरवाइजर राम खिलाड़ी शर्मा का बदमाशों ने फिरौती के लिए अपहरण कर लिया। हालांकि, पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीमों ने रातभर सघन सर्चिंग कर सटई के जंगलों से पीड़ित को सुरक्षित मुक्त करा लिया है।


जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के मोरवा गांव में सड़क निर्माण के लिए मिट्टी उपलब्ध कराने वाली MKC कंपनी का कार्यालय स्थित है। कंपनी के मैनेजर संजय सोढ़ी ने पुलिस को सूचना दी कि बोलेरो सवार तीन अज्ञात बदमाश कार्यालय पहुंचे और सुपरवाइजर राम खिलाड़ी शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाश उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। अपहरण के कुछ ही देर बाद बदमाशों ने परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजत सकलेचा और एएसपी आदित्य पटले ने तत्काल तीन थानों (कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड) की विशेष टीमें गठित कीं। सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस बल ने रातभर संदिग्ध ठिकानों और जंगलों की खाक छानी। पुलिस के बढ़ते दबाव को देख बदमाश पीड़ित को सटई क्षेत्र के जंगलों में छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे, जहाँ से पुलिस ने राम खिलाड़ी शर्मा को सुरक्षित आजाद करा लिया।


फिरौती की रकम वाला खाता होल्ड

अपहरणकर्ताओं के डर से परिजनों ने फिरौती की कुछ राशि बदमाशों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंक खाते को तत्काल 'होल्ड' करा दिया है, जिससे बदमाशों तक पैसा न पहुंच सके।


एक संदेही हिरासत में, तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में एक संदेही को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पीड़ित सुपरवाइजर के सुरक्षित मिल जाने से कंपनी और परिजनों ने राहत की सांस ली है।