इंदौर,रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर सौतेले भाई द्वारा अपने भतीजे की हत्या करने की नियत से अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। लसूड़िया पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र चार घंटे के अंदर अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के अनुसार, लसूड़िया थाना क्षेत्र के हिमालया वेलनेस कंपनी के पास से संजू बारोड़ के बेटे दीपक बारोड़ का अपहरण कर लिया गया था। फरियादी संजू बारोड़ ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके सौतेले भाई योगेश उर्फ शेरा बारोड़ ने दीपक को अगवा कर लिया और फोन पर धमकी दी कि उसने दीपक की हत्या कर दी है तथा उसकी लाश क्षिप्रा नदी में फेंक दी है।


शिकायत मिलते ही लसूड़िया पुलिस ने तुरंत टीम गठित की और तकनीकी सहायता से आरोपी योगेश उर्फ शेरा की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस टीम ने देवास जिले के श्री गौ नगर थाना कोतवाली क्षेत्र में आरोपी के किराए के कमरे पर छापा मारा। वहां से अपहृत दीपक बारोड़ को सही-सलामत बरामद कर लिया गया।


आरोपी योगेश उर्फ शेरा पुलिस को देखते ही किराए की मल्टी की छत पर चढ़ गया और पड़ोस की छत पर कूदने की कोशिश में गिर गया, जिसमें उसके दाहिने हाथ और पैर में चोट आई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।


प्रॉपर्टी विवाद को लेकर आरोपी ने हत्या की नियत से अपहरण किया था। पुलिस अब आरोपी से विस्तार से पूछताछ कर रही है। इस तेज और प्रभावी कार्रवाई के लिए लसूड़िया पुलिस की सराहना हो रही है।