छतरपुर, शिवम सोनी| छतरपुर जिले के भगवा थाना क्षेत्र के ग्राम सफन पट्टी में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित प्यारेलाल कुशवाहा के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 की दोपहर गांव के कुछ लोग उनके घर में घुस आए और उनकी पत्नी मुनियाबाई के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपियों ने लाठियों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने यह भी बताया कि भगवा थाना में शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने उनकी रिपोर्ट सही तरीके से दर्ज नहीं की और कुछ आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए गए। इस मामले में पीड़ित परिवार ने एसपी से मिलकर निष्पक्ष जांच कराने और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

