देवास,हेमंत गुर्जर। देवास में आगामी चैत्र नवरात्र को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। 19 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्र पर्व के मद्देनजर कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने माताजी टेकरी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने टेकरी पर पहुंचकर दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, मेडिकल सुविधाएं, साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में जाकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मॉनिटरिंग व्यवस्था भी देखी। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बड़ी माता और छोटी माता मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुगम और व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
इसके अलावा सीढ़ी मार्ग और शंख द्वार मार्ग पर भी बेहतर प्रबंधन रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि टेकरी क्षेत्र में केवल लाइसेंसधारी दुकानदारों को ही दुकान लगाने की अनुमति दी जाएगी, ताकि अव्यवस्था न फैले। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी।



