संसद में मेरा गला घोंटा गया: राहुल गांधी ने भोपाल में खोला मोर्चा- चीन की घुसपैठ और ट्रेड डील पर सरकार को दी चुनौती

Advertisement
भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी के जवाहर चौक पर आयोजित विशाल 'किसान महाचौपाल' में कांग्रेस ने केंद्र सरकार की नीतियों और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि व्यक्तिगत केसों के दबाव में आकर देश के किसानों और हिंदुस्तान का डेटा अमेरिका को बेच दिया गया है।
'संसद में दबाई गई मेरी आवाज'
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में संसद की कार्यवाही का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका गया। उन्होंने कहा, "मैं चीन की घुसपैठ और पूर्व आर्मी चीफ नरवणे की किताब में किए गए दावों पर बात करना चाहता था, लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया गया। सरकार ने सेना को चीनी घुसपैठ के समय अकेला छोड़ दिया था।" राहुल ने प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें दम है तो वे अमेरिका के साथ हुई इस ट्रेड डील को रद्द करके दिखाएं। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप द्वारा टैरिफ रद्द किए जाने के बावजूद मोदी सरकार खामोश है क्योंकि उन पर अडाणी और एपस्टीन केस का दबाव है।
खड़गे बोले- 'नरेंद्र मोदी नहीं, ये सरेंडर मोदी हैं'
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रधानमंत्री पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो मोदी जी रोज 'चाय पर चर्चा' की बात करते थे, आज वही देश को बेचने का काम कर रहे हैं। खड़गे ने उन्हें 'सरेंडर मोदी' करार देते हुए कहा कि सरकार ने किसानों के साथ छल किया है और देश की संप्रभुता से समझौता किया है।
पुलिस और कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, शहर में लगा जाम
महाचौपाल के दौरान भारी अव्यवस्था का आलम भी देखने को मिला। सभा स्थल पर प्रवेश को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की और बहस हुई। शहर के मुख्य मार्ग जवाहर चौक, माता मंदिर और न्यू मार्केट की ओर ट्रैफिक डायवर्ट होने के बावजूद हजारों की भीड़ के कारण राजधानी की रफ्तार थम गई। एसीपी ट्रैफिक अजय वाजपेयी के अनुसार, सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे, लेकिन कार्यकर्ताओं के डटे रहने से कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही।
'ट्रंप की तलवार' से की गई डील की तुलना
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने इस ट्रेड डील पर तीखा हमला बोलते हुए इसकी तुलना 'ट्रंप की तलवार' से की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह समझौता भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस समझौते के चलते कपास, सोयाबीन और सरसों के दाम तेजी से गिर रहे हैं, जिससे प्रदेश का किसान कर्ज के बोझ तले दबकर आत्महत्या करने को मजबूर हो गया है।
भाजपा का पलटवार: राहुल गांधी के कृषि ज्ञान पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, भाजपा ने कांग्रेस के इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए तीखा पलटवार किया है। प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें गेहूं की बाली और यूरिया के उपयोग तक का बुनियादी ज्ञान नहीं है, वे किसानों के हक की बात क्या करेंगे? वहीं, विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ट्रेड डील के बहाने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाकर किसानों को गुमराह कर रही है।
24 फ़रवरी 2026 को 11:03 am बजे
खड़गे का तीखा हमला: मोदी गिड़गिड़ाते हुए ट्रंप के पैरों पर गिरे, ऑपरेशन सिंदूर रोकना बड़ी गलती
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद दावा किया है कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को रोका। ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान और हिंदुस्तान को कहकर मैंने यह ऑपरेशन रोका। खड़गे ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने गिड़गिड़ाते हुए ट्रंप के पैरों पर गिरकर कहा कि मैं ऑपरेशन रोकता हूं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर रोककर आपने बहुत बड़ी गलती की और आज बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हो।
खड़गे ने भोपाल में कांग्रेस की किसान चौपाल के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि डरना नहीं है। अगर आप डरेंगे तो मरेंगे। संविधान को जिंदा रखना है और आपको लड़ना है। उन्होंने किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि अमेरिका के पास बहुत बड़ी जमीन है लेकिन वहां सिर्फ तीन प्रतिशत लोग किसान हैं। हमारे देश में 65 प्रतिशत लोग खेती पर निर्भर हैं। हमारे किसान जो पैदावार कर रहे हैं, उसे मोदी खत्म कर रहे हैं।
24 फ़रवरी 2026 को 10:37 am बजे
मल्लिकार्जुन खड़गे का पीएम मोदी पर तीखा हमला, ‘नरेंद्र मोदी डरपोक पीएम हैं, सरेंडर मोदी ने देश बेच दिया’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि नरेंद्र मोदी डरपोक प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी आज आंख में आंख मिलाकर बात नहीं कर पाते, अपनी बात नहीं रखते और एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी नहीं कर पाते। खड़गे बोले, मोदी सिर्फ बातें करते हैं, मन की बात करते हैं। वह केवल कांग्रेस को डराने का काम करते हैं, लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है।
खड़गे ने आगे कहा कि मोदी जैसा प्रधानमंत्री उन्होंने आज तक नहीं देखा। उन्होंने पीएम मोदी को ‘सरेंडर मोदी’ करार देते हुए दावा किया कि उन्होंने देश को बेच दिया है और किसानों के साथ छल किया है। खड़गे ने तंज कसते हुए पूछा कि मोदी जी रोज उठकर चाय पर बात करते थे, तो क्या देश को बेचने की बात करते थे।
24 फ़रवरी 2026 को 09:23 am बजे
ACP उमेश तिवारी और विधायक महेश परमार के बीच गरमागरम बहस
तराना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक महेश परमार और उज्जैन के एसीपी उमेश तिवारी के बीच बुधवार को तीखी बहस हो गई। यह विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस के उज्जैन जिला अध्यक्ष को कार्यक्रम में अंदर प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। जिला अध्यक्ष ने अपना नाम लिस्ट में बताने के बाद भी शुरुआत में रोक का सामना किया, जिसके कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
विधायक महेश परमार ने इस रोक का विरोध किया और एसीपी उमेश तिवारी से सवाल किया। दोनों के बीच काफी देर तक गरमागरम बहस चली, जिसमें आवाजें तेज हुईं और आरोप-प्रत्यारोप लगे। बाद में नाम लिस्ट में शामिल होने के बाद जिला अध्यक्ष को अंदर जाने की अनुमति मिली, लेकिन इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में काफी हलचल मच गई।
24 फ़रवरी 2026 को 08:48 am बजे
भोपाल पहुंचे राहुल गांधी और खड़गे
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भोपाल पहुंच चुके हैं। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। दोनों नेता जवाहर चौक पर आयोजित 'किसान महाचौपाल' में करीब डेढ़ घंटे तक किसानों से सीधा संवाद करेंगे। कांग्रेस इस मंच से केंद्र की हालिया ट्रेड डील और किसान मुद्दों पर सरकार को घेरेगी।
24 फ़रवरी 2026 को 08:04 am बजे
महाचौपाल में पहुंचे राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, मंच से जनता को किया संबोधित
वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा आज 'महाचौपाल' के मंच पर पहुंच चुके हैं, जहाँ कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मंच से जनता से सीधा संवाद करते हुए प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखी। तन्खा ने नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर देते हुए कहा कि जनहित की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। महाचौपाल में उनकी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है।
24 फ़रवरी 2026 को 07:48 am बजे
मंत्री विश्वास सारंग का राहुल गांधी पर तीखा तंज: 'राहुल' नाम की नई परिभाषा बताकर घेरा

राहुल गांधी के भोपाल दौरे से पहले मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के नाम की अनोखी परिभाषा बताते हुए उन पर सीधा हमला बोला है। सारंग ने कहा कि राहुल का अर्थ 'रा' से रार, 'हु' से हुड़दंग और 'ल' से लफंगाई है, और इन तीनों के मिश्रण से राहुल गांधी बने हैं। मंत्री सारंग ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश की राजनीति में लगातार अराजकता फैला रहे हैं और उनके कृत्य 'राष्ट्रद्रोह' की श्रेणी में आते हैं। दिल्ली के AI समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हंगामे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसका समर्थन कर कांग्रेस ने अपनी 'देशविरोधी' विचारधारा को स्पष्ट कर दिया है। सारंग ने आगे कहा कि कांग्रेस न केवल संवैधानिक पदों का अपमान करती है, बल्कि देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब करने का काम भी कर रही है।
24 फ़रवरी 2026 को 07:39 am बजे
सीएम बोले – राहुल बताएं रबी-खरीफ फसल क्या होती है

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी की प्रस्तावित किसान सभा पर तंज कसते हुए कहा कि वे किसान चौपाल लगा रहे हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन पहले यह बता दें कि रबी और खरीफ फसल क्या होती है। दलहन-तिलहन में कौन-कौन सी फसलें आती हैं और दूध व मत्स्य उत्पादन को लेकर उनका विजन क्या है, यह भी स्पष्ट करें। सीएम ने कहा कि राहुल गांधी तो आज किसानों के बीच आ रहे हैं, जबकि उनकी सरकार 365 दिन किसानों के हित में काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों के साथ अन्याय हुआ। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि 1956 से 2003 तक कांग्रेस की सरकार रही, तब सिंचाई का रकबा केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर ही क्यों रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसानों से माफी मांगनी चाहिए।
24 फ़रवरी 2026 को 07:19 am बजे
‘56 इंच की छाती वाले नरेंद्र, ट्रम्प के आगे सरेंडर’ – जीतू पटवारी
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो खुद को 56 इंच की छाती वाला बताते हैं, वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सामने सरेंडर कर चुके हैं।
पटवारी ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर लिए गए फैसलों से देश के किसानों और युवाओं को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।
24 फ़रवरी 2026 को 07:15 am बजे
एमपी कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह का वीडियो पोस्ट किया

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दिग्विजय सिंह का एक वीडियो साझा किया। पोस्ट में उनकी ओर से लिखा गया कि वे आदरणीय मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के आभारी हैं, जिन्होंने किसानों के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध इस महत्वपूर्ण लड़ाई के लिए मध्यप्रदेश की धरती को चुना।
पोस्ट में कहा गया कि यह निर्णय प्रदेश की जनता और अन्नदाताओं के संघर्ष का सम्मान है। कांग्रेस ने इसे किसानों के हक की आवाज को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।
24 फ़रवरी 2026 को 07:12 am बजे
राहुल गांधी का पीएम पर हमला, बोले- असली शर्म की बात क्या है, मैं बताता हूं

दिल्ली से रवाना होने से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मोदी जी, आप कहते हैं शर्म की बात। मैं आपको बताता हूं कि असली शर्म की बात क्या है।”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ‘एपस्टीन फाइल्स’ में प्रधानमंत्री, उनके एक मंत्री और एक उद्योगपति मित्र का नाम एक साथ आना शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ किया गया ट्रेड डील देश के हितों के खिलाफ है और इससे देश का डेटा सौंप दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसानों और टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नुकसान पहुंचाया गया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अमेरिका में अडानी से जुड़े केस ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। उनका दावा है कि 14 महीनों से उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई, जो शर्म की बात है।
राहुल गांधी ने कहा, “मोदी जी, आप अपने मित्रों अनिल अंबानी, अडानी और अपने लिए जो उचित समझें, वह कीजिए। मैं और कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर देश की रक्षा करते रहेंगे। हम एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे।”
24 फ़रवरी 2026 को 07:03 am बजे
खड़गे बोले- दबाव में शर्तें मानने से देश को शर्मिंदगी
दिल्ली से रवाना होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश का युवा आज नौकरी के लिए भटक रहा है और हालात इतने खराब हो चुके हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने दबाव में आकर उनकी शर्तें मान लीं, जिससे देश को शर्मिंदगी उठानी पड़ी।
खड़गे ने कहा कि किसानों की भलाई के लिए व्यापक बातचीत होनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय ऐसे फैसले लिए गए, जिनसे किसानों को नुकसान होगा। उनका दावा है कि जिसे देशहित बताया जा रहा है, वह वास्तव में भारत को कमजोर करने वाला कदम है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस डरने वाली पार्टी नहीं है। खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री संसद में आकर अपनी नीतियों पर जवाब देने से बचते हैं और विपक्ष व युवाओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसकी कड़ी निंदा की जाती है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी और देश के हितों से समझौता करने वालों के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।
24 फ़रवरी 2026 को 07:02 am बजे
राहुल गांधी को संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा: अनिल जिराती
इंदौर से कांग्रेस के पूर्व जनपद अध्यक्ष अनिल जिराती ने आरोप लगाया है कि संसद में राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।
जिराती ने कहा कि लोकतंत्र में सभी दलों को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन मौजूदा स्थिति में विपक्ष के नेताओं को बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने इसे संसदीय परंपराओं के खिलाफ बताया।
24 फ़रवरी 2026 को 06:50 am बजे
कार्यक्रम के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी
यातायात पुलिस ने कार्यक्रम को देखते हुए व्यापक पार्किंग और डायवर्जन प्लान जारी किया है। मंच पर बैठने वाले करीब 200 विशिष्ट अतिथियों के वाहन रंगमहल चौराहा से यादव मेडिकल तिराहा, काटजू तिराहा और राजस्थान स्वीट्स तिराहा होते हुए मॉडल स्कूल के पास ड्रॉप किए जाएंगे। इसके बाद सभी वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाएंगे।
इंदौर, उज्जैन, आष्टा और सीहोर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। ये वाहन सीहोर बायपास से बिल्किसगंज-झागरिया, रातीबड़ और भदभदा होते हुए डिपो चौराहा पहुंचेंगे। वहां से उन्हें लाड़ली लक्ष्मी पार्क (अटल पथ) पर पार्क किया जाएगा, जहां से लोग कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।
24 फ़रवरी 2026 को 06:35 am बजे
‘इंडिया नॉट फॉर सेल’ लिखी शर्ट पहनकर पहुंचीं ऋचा सिंह
सागर की पार्षद और प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव ऋचा सिंह ‘इंडिया नॉट फॉर सेल’ लिखी शर्ट पहनकर कार्यक्रम में पहुंचीं।
उनकी इस शर्ट को लेकर कार्यक्रम स्थल पर चर्चा होती रही और इसे केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध के प्रतीक के रूप में देखा गया।
24 फ़रवरी 2026 को 06:32 am बजे
यूएस डील से कपास के दाम गिरे, किसानों पर संकट: उमंग सिंघार

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि यूएस डील होते ही कपास के भाव गिर गए हैं, जिससे मध्य प्रदेश के किसानों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि इस डील के बाद प्रदेश के सोयाबीन, सरसों और कपास उगाने वाले किसानों का क्या होगा। सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर कर रही हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में उनकी आवाज बुलंद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी स्वयं किसानों की आवाज को और मजबूती देने के लिए मैदान में उतर रहे हैं।
24 फ़रवरी 2026 को 06:29 am बजे
कालापीपल विधायक का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- देश की छवि खराब करने की कोशिश
कालापीपल से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ट्रेड डील जैसे मुद्दों को लेकर लगातार भारत की छवि खराब करने और देश को बदनाम करने की कोशिश करते रहते हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाते हैं।
24 फ़रवरी 2026 को 06:27 am बजे
राहुल गांधी को किसानों की बुनियादी जानकारी नहीं: कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना

मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को किसानों की बुनियादी परिभाषा तक नहीं पता है।
मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को यह भी जानकारी नहीं है कि गेहूं की बाली कितनी बड़ी होती है और उन्हें फसलों के बारे में कोई व्यावहारिक ज्ञान नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि जिसे यूरिया और खाद के उपयोग तक की समझ न हो, वह किसानों के बीच जाकर आखिर क्या करेगा।
24 फ़रवरी 2026 को 06:25 am बजे
ट्रेड डील किसानों के खिलाफ, देशहित में नहीं: सचिन यादव

मध्यप्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री और कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेड डील किसानों के हितों के खिलाफ है और इससे कृषि क्षेत्र को नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि जो बीजेपी नेता आज इस डील की तारीफ कर रहे हैं, जिस दिन इसका पूरा सच सामने आएगा, उन्हें भी समझ आ जाएगा कि यह फैसला देशहित में नहीं है। यादव ने दावा किया कि सरकार को किसानों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए, न कि ऐसे समझौते करने चाहिए जिनसे उनकी आजीविका प्रभावित हो।
24 फ़रवरी 2026 को 06:22 am बजे
राहुल–खड़गे के साथ मंच पर 250 नेता रहेंगे मौजूद
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ मंच पर करीब 250 नेता मौजूद रहेंगे। इनमें एमपी कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश और कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन पवन खेड़ा शामिल रहेंगे।
इसके अलावा पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मध्यप्रदेश के सभी कांग्रेस विधायक और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा तथा अशोक सिंह भी मंच पर बैठेंगे।
पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्य, प्रदेश के सभी 71 जिला कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सीईसी सदस्य भी कार्यक्रम में मंच साझा करेंगे।
