ग्वालियर। शहर के तिघरा थाना में अनुशासन को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां पदस्थ एएसआई फिरोज खान ने दारोगा महेंद्र कुशवाह पर सरकारी पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दे डाली। बताया जा रहा है कि एक शिकायती आवेदन की जांच को लेकर दोनों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।
घटना के दौरान एएसआई ने अपना आपा खो दिया और दारोगा को निशाना बनाते हुए पिस्टल निकाल ली। थाने के भीतर इस तरह की घटना से हड़कंप मच गया और मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। स्थिति को संभालने के लिए अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, इस विवाद में सिपाही कमल रावत और रवि गुर्जर का नाम भी सामने आया है। घटना की सूचना थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद धर्मवीर सिंह (एसएसपी) ने सख्त कार्रवाई करते हुए एएसआई फिरोज खान समेत तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

