सतना,अंबिका केशरी। सतना जिले में एक नाबालिग छात्रा द्वारा स्कूल शिक्षक सहित तीन लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाए जाने से हड़कंप मच गया था, लेकिन पुलिस जांच में मामला पूरी तरह मनगढ़ंत निकला।
जानकारी के अनुसार, सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा की जांच में वह करीब 5 माह की गर्भवती पाई गई। प्रारंभ में छात्रा ने परिजनों और पुलिस को बताया कि उसके साथ स्कूल में गैंगरेप हुआ है, जिससे मामला गंभीर हो गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा, उसके परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि जांच में सामने आया कि छात्रा ने परिजनों को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी थी।
सब-इंस्पेक्टर प्रीति कुशवाहा द्वारा अलग से पूछताछ करने पर छात्रा ने स्वीकार किया कि उसके अपने ही गांव के एक नाबालिग लड़के के साथ प्रेम संबंध थे और आपसी सहमति से संबंध बने थे, जिससे वह गर्भवती हुई।
पुलिस के अनुसार, जिस शिक्षक पर आरोप लगाए गए थे, वह इस मामले में शामिल नहीं है। आरोपी कोई शिक्षक नहीं बल्कि छात्रा का ही नाबालिग सहपाठी निकला।


