गुनौर,जीतेन्द्र रजक। क्षेत्र में बढ़ती गर्मी के बीच गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े उपभोक्ताओं की परेशानी को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। खबर सामने आने के बाद गुनौर स्थित नितिन एचपी गैस एजेंसी के संचालक ने तत्परता दिखाते हुए उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सराहनीय पहल की है।


अब गैस एजेंसी परिसर में लाइन में लगे लोगों के लिए छाया की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही पीने के ठंडे पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भीषण गर्मी में राहत मिल रही है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि पहले उन्हें तेज धूप में घंटों खड़ा रहना पड़ता था, जिससे काफी परेशानी होती थी। लेकिन अब एजेंसी प्रबंधन के इस कदम से स्थिति में सुधार हुआ है।


गौरतलब है कि हाल ही में उपभोक्ताओं की समस्या को लेकर ‘पेप्टिक टाइम’ द्वारा खबर प्रकाशित की गई थी, जिसके बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसी ने तुरंत संज्ञान लिया। यह उदाहरण दर्शाता है कि जागरूक पत्रकारिता और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने से सकारात्मक बदलाव संभव है।


वहीं, मौके पर गुनौर थाना पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह त्वरित कार्रवाई होती रहेगी।