मंदसौर| मंदसौर जिले के गांधीसागर जलाशय में अवैध रूप से करंट लगाकर मछलियों का शिकार करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस, वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, गांधीसागर जलाशय के बैकवॉटर क्षेत्र—गरोठ, बसई, संजीत, रामपुरा और चचोर में लंबे समय से मछली माफिया सक्रिय थे। ठेका निरस्त होने के बावजूद बाहरी लोग अवैध तरीके से करंट का उपयोग कर बड़े पैमाने पर मछलियों का शिकार कर रहे थे। सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम ने संजीत क्षेत्र के ग्राम मगरा में दबिश दी, जहां बिना लाइसेंस मछली शिकार का मामला सामने आया। मौके से करंट लगाने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।
पश्चिम बंगाल के 3 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुकांत सरकार, सुजान विश्वास और देवव्रत विश्वास के रूप में हुई है। इनके पास मत्स्याखेट का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने इनके ठिकाने से 4 बैटरियां, 3 यूपीएस, विद्युत तार सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी किराए के कमरे से अंडरग्राउंड वायरिंग के जरिए नदी में करंट प्रवाहित करते थे।

जलीय जीवन को भारी नुकसान
करंट के जरिए शिकार करने से बड़ी संख्या में मछलियों के साथ अन्य जलीय जीव भी मारे जा रहे थे, जिससे पूरे जल पारिस्थितिकी तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंच रहा था। तलाशी के दौरान नदी में मगरमच्छ के मृत मिलने की भी जानकारी सामने आई है। इस संबंध में कीर्ति बघेल ने बताया कि सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ नाहरगढ़ थाना में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे पिछले करीब दो महीनों से इस तरह अवैध शिकार कर रहे थे। फिलहाल पुलिस और वन विभाग मामले की आगे जांच कर रहे हैं और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।


