छतरपुर। छतरपुर जिले के बकस्वाहा के तेरियामार तिराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में गजराज यादव (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चंदू यादव (23), ऊषा लोधी (30), दीपा लोधी (15), राजाराम लोधी (35) और प्रिंस लोधी (10) शामिल हैं। सभी को तत्काल बकस्वाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया।
रेफर के बाद एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। एक गंभीर घायल को मजबूरी में निजी वाहन से भेजना पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था पर सवाल उठाए। भाजपा नेता मोती यादव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होती, जिससे मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

