अमरपाटन,नरेंद्र । नेशनल हाईवे-30 पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां हाईवे किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में सवार एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना अमरपाटन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिगरा ब्रिज के पास की बताई जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार करीब 20 लोग अमरपाटन से एक कार्यक्रम (बरहों) में शामिल होकर मैहर के बेलदार गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो गया, जिसके चलते वाहन को हाईवे किनारे खड़ा कर दिया गया। ट्रॉली में सवार लोग वहीं मौजूद थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाहीपूर्वक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और हाईवे पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।


घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। करीब 8 घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल मैहर भेजा गया, जबकि 4 अन्य घायलों को हाईवे एंबुलेंस 1033 की सहायता से सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का इलाज जारी है।


पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।