हार्ट ट्रांसप्लांट से सरस्वती को मिला नया जीवन, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सहयोग से संभव हुआ इलाज

Advertisement
सागर के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर विकासखंड की 41 वर्षीय सरस्वती पटैल को जटिल हृदय प्रत्यारोपण सर्जरी के जरिए नया जीवन मिला। सरस्वती का हार्ट ट्रांसप्लांट खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया। सर्जरी के बाद सरस्वती अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।
परिवार ने बताया कि इतनी महंगी और जटिल सर्जरी उनके लिए आर्थिक रूप से संभव नहीं थी। इस कठिन समय में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए इलाज की पूरी व्यवस्था और आर्थिक सहयोग प्रदान किया। एम्स अस्पताल में सरस्वती का सफल हार्ट ट्रांसप्लांट हुआ, जिससे पूरे परिवार में खुशियां लौट आईं।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह उनके लिए संतोष और खुशी की बात है कि सरस्वती का इलाज सफल रहा और वह स्वस्थ जीवन जी रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और एम्स अस्पताल के चिकित्सकों के योगदान की सराहना की और कहा कि उनका संकल्प है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति जरूरत के समय अकेला न रहे।
सरस्वती के पति दयाशंकर पटैल ने भावुक होते हुए कहा कि मंत्री राजपूत ने उनकी पत्नी की जान बचाई और पूरे परिवार को नया जीवन दिया। अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री एडवोकेट अर्जुन पटैल ने भी इस प्रयास की सराहना की। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रमोद पटैल, दिलीप पटैल, संतोष पटैल, डॉ. लल्लाराम पटैल, डॉ. संतोष पटैल और सैकड़ों कुशवाहा समाज के लोग उपस्थित थे।
