बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। तहसील कार्यालय परिसर में विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीएमओ, बीसीएम, सीएचओ, स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों सहित सेक्टर स्तर के सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों ने भाग लिया। एक दिवसीय प्रशिक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और डाटा प्रबंधन को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।


प्रशिक्षण सत्र के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एचएमआईएस पोर्टल पर गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री करने, जीरो डोज बच्चों की ट्रैकिंग तथा ट्रिपल ए प्लेटफॉर्म को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन एवं रिकॉर्ड संधारण को लेकर आवश्यक जानकारियां प्रदान की गईं।


कार्यक्रम में जीरो डोज एवं पोटेंशियल बच्चों की पहचान कर उनका समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी और समन्वय जरूरी है। प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं डाटा आधारित कार्यप्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।