छतरपुर, संदीप यादव। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम टूरया निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र पटेल पिता श्यामलाल पटेल की शुक्रवार सुबह करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया है कि धर्मेंद्र की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और वह ग्राम गंज की सीताराम कॉलोनी में मिस्त्री का कार्य कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे धर्मेंद्र अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




