दमोह,राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर बस स्टैंड परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा विधि-विधान के साथ स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना से पूर्व नगर के मुख्य मार्गों से भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। स्थापना के बाद शाम को आयोजित आरती में हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।
चैत्रमास श्री नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस अवसर पर आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया गया है, जिसमें मां दुर्गा के साथ भोलेनाथ की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। पंडाल को विशेष विद्युत सजावट से सुसज्जित किया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आयोजकों ने बताया कि शारदीय नवरात्रि की तरह ही चैत्र नवरात्रि को भी भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। माता की प्रतिमा को शिव-शंभु सहित विशेष रूप से तैयार करवाकर मंगवाया गया है।
नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन विशेष पूजन-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन शाम को होने वाली विशेष आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

