मन्दसौर, ललित शंकर। धाकड़ भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही मंदसौर में जनसेवा का एक सराहनीय प्रयास देखने को मिला है। ‘पंछी बचाओ अभियान’ द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर में प्रथम ‘जल मंदिर’ यानी प्याऊ का शुभारंभ किया गया है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को ठंडा और स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।


जिला चिकित्सालय के जच्चा-बच्चा वार्ड के बाहर स्थापित इस जल मंदिर का उद्देश्य अस्पताल आने वाले लोगों को गर्मी में राहत पहुंचाना है। अब मरीजों और उनके परिजनों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। खासतौर पर प्रसूताओं के साथ आए परिजनों को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी। “नर सेवा ही नारायण सेवा है। भीषण गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा धर्म है। हमारा यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”


संस्था के सदस्यों के सहयोग और सेवा भावना से स्थापित इस जल मंदिर का शुभारंभ सोमवार शाम 4 बजे किया गया। कार्यक्रम में अभियान से जुड़े सदस्य और अस्पताल स्टाफ भी मौजूद रहे। इस अवसर पर अभियान के अध्यक्ष अनिल कियावत, संरक्षक विनय दुबेला, संस्थापक राकेश भाटी, नगर उपाध्यक्ष नेहा संचेती, संगठन मंत्री ओम कुमावत सहित कई जनप्रतिनिधि और सेवाभावी लोग उपस्थित रहे।


संस्था ने संकल्प लिया है कि आने वाले समय में शहर के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी इस तरह के ‘जल मंदिर’ स्थापित किए जाएंगे, ताकि गर्मी में ज्यादा से ज्यादा लोगों को राहत मिल सके।