जबलपुर,अनुराग शुक्ला। शहर के भेड़ाघाट स्थित विराट हॉस्पिटल प्रांगण में Vishwatma Institute of Radiotherapy And Treatment (VIRAT) द्वारा एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक सेवाओं के विस्तार और कैंसर उपचार के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता लोक निर्माण विभाग के केबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने की।
इस अवसर पर सुमित्रा वाल्मीकि, आशीष दुबे, डॉ. राजेश मिश्रा, जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, क्षेत्रीय विधायक नीरज सिंह तथा मंडल अध्यक्ष धीरज पटैल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सामाजिक कार्यकर्ता आशीष शुक्ला एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सचिन की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता फैज खान ने अपने संबोधन में सामाजिक समरसता, सेवा भाव और स्वास्थ्य क्षेत्र में जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना समय की मांग है। उन्होंने विशेष रूप से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता और समय पर उपचार की अहमियत बताई।
इस दौरान वक्ताओं ने आधुनिक रेडियोथेरेपी सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों तक उन्नत चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने और कैंसर रोगियों के लिए बेहतर उपचार व्यवस्था विकसित करने पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इस प्रकार की संस्थाएं समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन ने जबलपुर को चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में नई दिशा देने का संदेश दिया और कैंसर उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

