कटनी। खजुराहो संसदीय क्षेत्र के नागरिकों के लिए रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ी और ऐतिहासिक सौगात सामने आई है। क्षेत्रीय सांसद और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) के विशेष प्रयासों और सतत मांग पर केंद्र सरकार ने मुहर लगा दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद शर्मा की मांग को स्वीकार करते हुए पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि विंध्य और महाकौशल को दक्षिण भारत से जोड़ने के लिए रीवा से हैदराबाद (चर्लपल्ली) के बीच एक नई सुपरफास्ट ट्रेन के संचालन की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह नई ट्रेन खजुराहो संसदीय क्षेत्र के महत्वपूर्ण जंक्शन कटनी मुड़वारा से होकर गुजरेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा खजुराहो सांसद को प्रेषित पत्र के अनुसार, गाड़ी संख्या 20158/20157 (रीवा-चर्लपल्ली-रीवा एक्सप्रेस) अब नियमित रूप से पटरी पर दौड़ेगी। यह ट्रेन रीवा से प्रारंभ होकर कटनी मुड़वारा के रास्ते सीधे हैदराबाद को जोड़ेगी। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से खजुराहो संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख आईटी और व्यापारिक केंद्र हैदराबाद तक पहुंचने के लिए अब सीधी और सुलभ कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। वर्तमान में इस मार्ग पर सीधी ट्रेन न होने के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था, जो अब इस सौगात के बाद दूर हो जाएगी।
सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने अपने संसदीय क्षेत्र को मिल रही इस बड़ी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने क्षेत्र की जनता की ओर से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति विशेष रूप से आभार प्रकट किया है। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के 'अमृत काल' में बुनियादी ढांचे और रेल विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसका सीधा लाभ उनके संसदीय क्षेत्र की जनता को मिल रहा है। कटनी मुड़वारा में इस ट्रेन के ठहराव और संचालन से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापारिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

