सोना 1.55 लाख पार, चांदी 3.20 लाख के करीब

Advertisement
सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल जारी है। आज यानी 21 जनवरी को सोना पहली बार ₹1.50 लाख के पार पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम सोना ₹7,795 महंगा होकर ₹1,55,204 पर खुला, जबकि कल इसका भाव ₹1,47,409 था। इस साल अब तक सोना ₹21,744 महंगा हो चुका है।
वहीं चांदी ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। 1 किलो चांदी ₹10,730 बढ़कर ₹3,20,075 पहुंच गई, जो कल ₹3,09,345 थी। साल के सिर्फ 21 दिनों में चांदी ₹90,825 महंगी हो चुकी है। लगातार तीसरे दिन दोनों धातुएं अपने ऑलटाइम हाई पर कारोबार कर रही हैं।
सोने में तेजी के 3 बड़े कारण
ग्लोबल टेंशन और ‘ग्रीनलैंड’ विवाद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ग्रीनलैंड पर कब्जे की जिद और यूरोपीय देशों को टैरिफ की धमकी से वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ी है। ट्रेड वॉर के डर में निवेशक शेयर बाजार छोड़कर सुरक्षित निवेश यानी सोने की ओर रुख कर रहे हैं।
रुपए की रिकॉर्ड कमजोरी
डॉलर के मुकाबले रुपया आज ₹91.10 के ऑलटाइम लो पर है। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी के अनुसार, रुपए की कमजोरी से इम्पोर्टेड गोल्ड की लैंडिंग कॉस्ट बढ़ गई है, जिससे घरेलू कीमतें ₹1.5 लाख के पार निकल गईं।
सेंट्रल बैंकों की भारी खरीदारी
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, 2025 में रिकॉर्ड खरीद के बाद 2026 की शुरुआत में भी सेंट्रल बैंकों की मांग मजबूत बनी हुई है। सप्लाई कम और डिमांड ज्यादा होने से दाम ऊपर चढ़ रहे हैं।
₹1.90 लाख तक जा सकता है सोना
रिसर्च हेड डॉ. रेनिशा चैनानी के अनुसार, अगर अमेरिकी टैरिफ और मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा, तो 2026 के मध्य तक सोना ₹1.80 लाख से ₹1.90 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।
चांदी में तेजी के 3 प्रमुख कारण
इंडस्ट्रियल डिमांड: सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और ईवी सेक्टर में भारी मांग।
ट्रंप का टैरिफ डर: अमेरिकी कंपनियां चांदी का स्टॉक बढ़ा रही हैं, सप्लाई घट रही है।
मैन्युफैक्चरर की होड़: प्रोडक्शन रुकने के डर से पहले से खरीदारी तेज।
इस साल ₹4 लाख तक जा सकती है चांदी
मोतीलाल ओसवाल: 2026 में ₹3.20 लाख तक पहुंच सकती है।
सैमको सिक्योरिटीज: टेक्निकल ब्रेकआउट के आधार पर ₹3.94 लाख संभव।
नीलेश सुराना: $100 प्रति औंस यानी ₹3.5–4 लाख तक जा सकती है।
पोनमुडी आर: हर गिरावट पर खरीदारी की सलाह।
रॉबर्ट कियोसाकी: 2026 में $200 प्रति औंस तक का चौंकाने वाला अनुमान।
