MP पुलिस में 'कमीशन' का खेल? CSP का कथित ऑडियो वायरल; IPS और सांसद के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप

Advertisement
ग्वालियर। मध्य प्रदेश पुलिस एक बार फिर बड़े विवादों के घेरे में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित ऑडियो ने ग्वालियर पुलिस के भीतर चल रहे कथित भ्रष्टाचार की पोल खोलकर रख दी है। इस ऑडियो में जिस तरह की बातचीत हो रही है, उसने ग्वालियर से लेकर भोपाल तक प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया है। ऑडियो में CSP हिना खान का नाम सामने आ रहा है, जो कथित तौर पर रिश्वत की लेनदेन और पुलिसिया कार्यप्रणाली में हस्तक्षेप को लेकर चर्चा कर रही हैं।
वायरल ऑडियो और सामने आ रही जानकारियों के मुताबिक, इस मामले में रिश्वत की मोटी रकम के लेनदेन के बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कथित तौर पर CSP हिना खान द्वारा 50 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की बात कही जा रही है। आरोप है कि आरोपी पक्ष से 5 लाख और फरियादी पक्ष से IPS धर्मवीर यादव के नाम पर 20 लाख पहले ही लिए जा चुके हैं। ऑडियो में कथित तौर पर ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह के नाम का उपयोग कर भी रिश्वत मांगे जाने का दावा किया जा रहा है, जिससे मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है।
'आशीष' के इंवॉल्वमेंट पर पुलिस का धंधा खराब?
ऑडियो में सबसे चौंकाने वाली बात यह कही गई है कि "आशीष" के हस्तक्षेप की वजह से "पुलिस का धंधा खराब हो रहा है।" यह वाक्य इस ओर इशारा करता है कि सिस्टम के भीतर कुछ लोग पुलिसिया जांच और धाराओं के खेल को एक 'व्यवसाय' की तरह चला रहे हैं, जिसमें बाहरी हस्तक्षेप उन्हें नुकसान पहुँचा रहा है।
सिस्टम पर उठते तीखे सवाल
यह घटना केवल एक ऑडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता के उस विश्वास पर चोट है जो वे 'वर्दी' पर करते हैं। सोशल मीडिया पर लोग तीखे सवाल पूछ रहे हैं कि "क्या अब FIR, धाराएं और जांच की दिशा भी बंद लिफाफों (पैसों) से तय होगी? अगर रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे, तो न्याय की गुहार किसके सामने लगाई जाएगी?"
हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि और जांच होना बाकी है। पुलिस विभाग के आला अधिकारियों की चुप्पी और इस पर आने वाली आधिकारिक प्रतिक्रिया का सबको इंतजार है।


