Friday, February 27, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मनोरंजनबॉलीवुडलखनऊ से रामायण तक: रवि दुबे ने साझा किया लक्ष्मण मंदिर का वो 'जादुई' किस्सा।

लखनऊ से रामायण तक: रवि दुबे ने साझा किया लक्ष्मण मंदिर का वो 'जादुई' किस्सा।

Post Media
News Logo
PeptechTime
27 फ़रवरी 2026, 07:39 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

मुंबई। भारतीय मनोरंजन जगत के लोकप्रिय अभिनेता व निर्माता रवि दुबे ने हाल ही में अपने जीवन से जुड़ा एक भावुक और रोचक संयोग साझा किया है, जो अब उनकी आगामी मेगा फिल्म रामायण से जुड़ गया है। रवि दुबे इस भव्य पौराणिक फिल्म में लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे।


रवि दुबे ने बताया कि फिल्म के लिए कास्ट होने से ठीक एक साल पहले वे लखनऊ में एक शूटिंग के दौरान लक्ष्मण मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि उस समय वे एक तरह के गुरिल्ला शूट में व्यस्त थे और बाइक से शूटिंग लोकेशन के आसपास घूम रहे थे। तभी अचानक उन्हें सड़क किनारे स्थित लक्ष्मण मंदिर दिखाई दिया।


उन्होंने बताया, “मुझे पहले कभी पता नहीं था कि वहां लक्ष्मण जी का मंदिर है। उसी पल मुझे एहसास हुआ कि लखनऊ को ‘लक्ष्मणपुरी’ भी कहा जाता है। मैं मंदिर के भीतर गया, राम–सीता–लक्ष्मण की त्रिमूर्ति के दर्शन किए, प्रार्थना की और उस छवि की एक तस्वीर भी ली।”


रवि ने आगे बताया कि उस समय जिस शो की वे शूटिंग कर रहे थे, उसमें उनके किरदार का नाम भी ‘लखन’ था। शो का नाम ‘लखन लीला भार्गव’ था। उन्होंने कहा कि ये सभी घटनाएं उन्हें उस वक्त सामान्य लगीं, लेकिन जब करीब एक साल बाद उन्हें रामायण में लक्ष्मण की भूमिका के लिए लॉक किया गया, तो वही पुरानी तस्वीर उनके सामने आ गई।


उन्होंने कहा, “मुझे एहसास हुआ कि यह संयोग नहीं, बल्कि जीवन का एक अद्भुत संकेत था, जिसे मैं पूरी तरह भूल चुका था। उल्लेखनीय है कि रामायण का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के किरदार में और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे।


यह महाकाव्य फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है, जिसका निर्माण नमीत मल्होत्रा की कंपनी प्राइम फोकस स्टूडियो द्वारा, 8 बार ऑस्कर विजेता DNEG और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन के सहयोग से किया जा रहा है। फिल्म को दुनियाभर में आईमैक्स में रिलीज किया जाएगा। रामायण का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा।


दर्शक अब बड़े पर्दे पर रवि दुबे को लक्ष्मण जैसे वीर, निष्ठावान और शक्तिशाली किरदार में देखने के लिए उत्सुक हैं।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)