सतना, सजल कुमार रजक। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने युवक का कथित रूप से अपहरण कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2026 को जवाहर नगर निवासी 35 वर्षीय अख्तर हुसैन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि अख्तर कुशवाहा पान की दुकान पर पान खा रहा था, तभी उसके चाचा के बेटे गोलू और गुलाला खान अपने दो अन्य साथियों के साथ क्रेटा कार से पहुंचे। आरोप है कि चारों उसे जबरन कार में बैठाकर मझिगवां की ओर सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
फरियादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और दोबारा विवाद करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। विवेचना के दौरान पुलिस ने फरियादी एवं गवाहों के विस्तृत बयान दर्ज किए और प्रकरण में धारा 140(2) बीएनएस का इजाफा किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोलू अंसारी उर्फ अफजल अली अंसारी, गुलाला खान उर्फ शहीद खान, राजा बाबू यादव और गुड्डा उर्फ टीपू सुल्तान को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताई गई क्रेटा कार क्रमांक MP19ZK9786 भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8.50 लाख रुपये बताई गई है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया।




