छतरपुर, शिवम सोनी| छतरपुर शहर में बढ़ती महंगाई का असर अब आम लोगों के पसंदीदा नाश्ते समोसे पर भी साफ नजर आने लगा है। जिला अस्पताल के सामने फुटपाथ पर समोसे बेचने वाले दुकानदारों ने अचानक अपने दाम बढ़ा दिए हैं, जिससे ग्राहकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। पहले जहां 10 रुपये में दो समोसे मिलते थे, वहीं अब दो समोसों के लिए 15 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। यानी प्रति समोसा कीमत में करीब ढाई रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
दुकानदारों ने अपने ठेलों पर नए रेट के पोस्टर भी चस्पा कर दिए हैं, जिससे ग्राहकों को पहले से ही बढ़ी हुई कीमत की जानकारी मिल रही है। यह बदलाव खासतौर पर उन लोगों के लिए चौंकाने वाला है, जो रोजाना यहां सस्ता और स्वादिष्ट नाश्ता करने पहुंचते थे। समोसा विक्रेताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के चलते यह कदम उठाना उनकी मजबूरी बन गया है। उनके अनुसार, तेल, गैस, आलू और अन्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे लागत निकालना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया।
वहीं, ग्राहकों का कहना है कि अचानक बढ़ी कीमतों से उनका रोजाना का बजट प्रभावित हो रहा है। कुछ लोगों ने इसे महंगाई के चलते सही ठहराया, जबकि कई ग्राहकों ने इसे ज्यादा बढ़ोतरी बताया। फिलहाल, महंगाई की इस मार ने शहर के सस्ते समोसों की पहचान को भी बदल दिया है और अब यह आम लोगों की जेब पर सीधा असर डाल रही है।

