कटनी,प्रवीण तिवारी।कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंधी में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा ट्रक से टकराने के कारण दो व्यक्तियों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची।


मौके पर पहुंची पुलिस के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने अभद्रता करते हुए 112 वाहन में तोड़फोड़ की। आरोप है कि उपद्रवियों ने 112 के ड्राइवर और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की तथा पुलिस वाहन पर पत्थर बरसाए, जिससे गाड़ियों के कांच टूट गए और कुछ पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं।


घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पुलिस ने पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से “पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है” के नारे लगवाए गए और उन्हें चौराहे तक ले जाया गया।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा और पुलिस पर हमले जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।