खजुराहो, तुलसीदास सोनी। पावन अमावस्या के अवसर पर प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो स्थित मतंगेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह 4 बजे से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक निरंतर जारी रहा। मंदिर परिसर में हर ओर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर के समीप स्थित शिवसागर तालाब में पवित्र स्नान कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया। परंपरा के अनुसार महिला और पुरुष श्रद्धालु लमटेरा गाते हुए मंदिर पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।


अमावस्या के इस विशेष अवसर पर न केवल स्थानीय, बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए खजुराहो पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। घाट और मंदिर परिसर में एसडीओपी मनमोहन बघेल एवं थाना प्रभारी नंदकिशोर सोलंकी के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। नगर परिषद द्वारा एक दिन पूर्व ही शिवसागर तालाब के घाटों की साफ-सफाई कराई गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान एवं पूजा में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। इस दौरान सीएमओ बसंत चतुर्वेदी एवं नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी की भी सक्रिय भूमिका रही।