फिल्मी अंदाज में वारदात: चंद सेकंड में उड़ाए 10 लाख रुपये

Advertisement
मंदसौर ललित शंकर। मंदसौर जिले में दिनदहाड़े एक कार का शीशा तोड़कर 10 लाख रुपये नकद चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
मामला वायडीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोरखेड़ा गांव का है। यहां ढाबा संचालक तुलसीराम के घर के सामने खड़ी उनकी कार में रखी 10 लाख रुपये नकद राशि को बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर चोरी कर लिया।
बताया जा रहा है कि ढाबा संचालक तुलसीराम मंदसौर शहर स्थित बैंक से नकदी लेकर आए थे। आशंका है कि बदमाशों ने पहले से रैकी की और जैसे ही कार घर के बाहर खड़ी हुई, मौके का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
जब कार मालिक घर से बाहर आया और कार की स्थिति देखी, तो उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
