देवास,हेमंत गुर्जर। जिले के सतवास स्थित कृषि उप मंडी में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हुए और तहसीलदार हरिओम ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि सैटेलाइट सत्यापन में उन्हें असत्यापित बताया जा रहा है, जिससे पंजीयन और स्लॉट बुकिंग में परेशानी आ रही है। उन्होंने मांग की कि इस प्रक्रिया पर रोक लगाकर पंजीयन के आधार पर ही तुलाई की जाए।


किसानों ने गेहूं की तुलाई 20 क्विंटल प्रति एकड़ तय करने, खरीदी केंद्रों पर सख्ती, 24 घंटे में भुगतान और मूंग फसल की गिरदावरी शुरू करने की भी मांग रखी। भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश बांगड़वा ने चेतावनी दी कि यदि 4 दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो चक्काजाम किया जाएगा। वहीं तहसीलदार हरिओम ठाकुर ने आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।