सतना, अंबिका केशरी| सतना जिले में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाले दो मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही मामलों में नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर उनका शोषण किया गया। पहले मामले में 17 वर्षीय लड़की के लापता होने पर परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिलने पर गोवा से नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और बाल संरक्षण से जुड़े गंभीर प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


दूसरे मामले में भी एक आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक नाबालिग का शोषण करने की बात सामने आई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जांच जारी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।