छतरपुर,विनोद मिश्रा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कुर्सी पर बैठने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया।


बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम के पास रात के समय यह घटना हुई। मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। मारपीट में अभिषेक यादव नामक युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।


सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और चार आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रात में स्टेडियम के पास कुछ युवक कुर्सी पर बैठने को लेकर आपस में बहस करने लगे, जो बाद में मारपीट में बदल गई। वीडियो में कई युवक एक-दूसरे पर हमला करते दिख रहे हैं।


पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और यदि कोई अन्य व्यक्ति इसमें शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी।