बिजली के इंतज़ार में अटका विकास, बाघन्नारा आज भी अंधेरे में कांग्रेस ने दिया 20 दिन का अल्टीमेटम

Advertisement
उमरिया, तपस गुप्ता | उमरिया जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चाँदपुर के बाघन्नारा गांव में आज़ादी के दशकों बाद भी बिजली नहीं पहुंच पाई है। गांव में बिजली के खंभे और तार तो लगाए जा चुके हैं, लेकिन अब तक उनमें करंट नहीं दौड़ा, जिससे ग्रामीणों को अंधेरे में जीवन बिताना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस के ब्लॉक कांग्रेस पाली ने तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए 20 दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय-सीमा में मांग पूरी नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को गांव की स्थिति से अवगत कराया। रवि मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कलेक्टर और संभागीय कमिश्नर को पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बाघन्नारा गांव में करीब 100 से अधिक बैगा जनजाति के परिवार निवास करते हैं। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं किसान सिंचाई के साधनों के अभाव में फसल नहीं ले पा रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी और पाइपलाइन तो बिछाई गई है, लेकिन बिजली न होने के कारण जल आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही। इससे ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की कमी का असर अब सामाजिक जीवन पर भी दिखने लगा है। विवाह योग्य युवक-युवतियों के रिश्ते केवल इस कारण टूट रहे हैं कि गांव में आज तक बिजली नहीं पहुंची। बाहर से आने वाले परिवार जब यह सुनते हैं कि गांव अंधेरे में है, तो वे शादी से इनकार कर देते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि 20 दिनों के भीतर बाघन्नारा में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई, तो पाली तहसील में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
