भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन के पीछे बनी झुग्गियों को हटाने की जिला प्रशासन की तैयारी के विरोध में रहवासियों ने आधी रात को सीएम हाउस के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रशासन द्वारा प्रस्तावित विस्थापन कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने अपने आशियाने बचाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। रहवासियों का कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाया जाना अन्यायपूर्ण है।
इस विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने पीसी शर्मा और शबिस्ता जकी सहित कई कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। नेताओं ने प्रशासन पर गरीबों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए तत्काल विस्थापन रोकने की मांग की।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की ठोस व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक किसी भी हालत में झुग्गियां नहीं हटने दी जाएंगी। वहीं नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने भी प्रशासन की कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए विरोध जारी रखने की बात कही।
प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।

