भोपाल,जीतेन्द्र यादव। हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने भोपाल में कथित गौ हत्या की घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने शासन से मांग की है कि कालीघाट मंदिर के पास नवरात्रि के दौरान गौ माता की हत्या कर शव फेंकने की घटना सुनियोजित साजिश है। उन्होंने कहा कि इससे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है और शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


तिवारी ने आरोप लगाया कि यदि पहले गो तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई होती तो ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति नहीं होती। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्ति की जांच की जाए और सख्त कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाएं जारी रहीं तो हिंदू समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगा।