दमोह,राजेन्द्र तिवारी। जिला कलेक्टर प्रताप नारायण सिंह यादव ने रविवार सुबह मारुताल क्षेत्र सहित विभिन्न गौशालाओं का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली गौशालाओं की सराहना की, वहीं लापरवाही बरतने वाली गौशालाओं को चेतावनी देते हुए संबंधित संस्थाओं को बदलने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सबसे पहले मारुताल एरिया में वैष्णवी निःस्वार्थ गौसेवा समिति द्वारा संचालित गौशाला का निरीक्षण किया। यहां की व्यवस्थाओं और बेहतर कार्यों की उन्होंने प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने आसपास की अन्य गौशालाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ गौशालाएं बंद पाई गईं, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में गौ माताओं के लिए चारा, पानी, पर्याप्त छाया और उचित उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं का सुव्यवस्थित संचालन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

कलेक्टर प्रताप नारायण सिंह यादव ने कहा, “गौ सेवा हमारी संस्कृति, आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। हमें गौ माताओं की देखभाल को किसी भी स्थिति में उपेक्षित नहीं होने देना चाहिए।”

रविवार सुबह 11 बजे कलेक्टर ने मीडिया को निरीक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और गौशालाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।