छतरपुर में दामोदर यादव की सभा: भारी सुरक्षा के बीच शुरु हुआ कार्यक्रम, चल रहा उद्बोधन

Advertisement
छतरपुर (संजय अवस्थी/शिवम सोनी)। शहर में प्रस्तावित दामोदर यादव की सभा शुरु हो चुकी है। सागर रोड स्थित अटल सभागार में भारी सुरक्षा के बीच मंचीय कार्यक्रम जारी है और अतिथियों का उद्बोधन चल रहा है।
कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। रविवार को सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने और कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस लाइन में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आदित्य पटले ने स्वयं कमान संभालते हुए अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभा के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों से कड़ाई से निपटा जाए।
पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान एएसपी आदित्य पटले ने ड्यूटी पर तैनात होने वाले बल को सुरक्षा के बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभा स्थल और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। एएसपी ने जवानों को आगाह किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही बिना देरी किए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता
उल्लेखनीय है कि इस सभा को लेकर पिछले कुछ दिनों से शहर में पक्ष और विपक्ष के बीच प्रदर्शनों का दौर जारी है, जिससे माहौल में गर्माहट बनी हुई है। इसी संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के अतिरिक्त घेरे तैयार किए हैं। भीड़-भाड़ वाले प्रमुख इलाकों और बाजार क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो।
सोशल मीडिया और अफवाहों पर 'डिजिटल' नजर
मैदानी सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस का साइबर सेल भी पूरी तरह सक्रिय है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों पर नजर रखने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि गलत जानकारी साझा कर शहर की शांति बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर के प्रवेश द्वारों और विभिन्न चौराहों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है।
ब्रीफिंग के पश्चात भारी पुलिस बल को उनके निर्धारित ड्यूटी पॉइंट्स पर रवाना कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है और प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सक्षम और तैयार है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को दें।
1 मार्च 2026 को 07:42 am बजे
ललौनी तिराहे पर विरोध कर रहे युवा गिरफ्तार
भीम आर्मी नेता दामोदर यादव की प्रस्तावित सभा से पहले शहर में भारी तनाव के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ललोनी तिराहा पर विरोध प्रदर्शन करने जुटे दर्जनों युवाओं को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने परशुराम सेना के सागर संभाग अध्यक्ष विनोद मिश्रा और जिला अध्यक्ष रोहित सहित कई कार्यकर्ताओं को उनके घरों में नजरबंद कर दिया था। संभावित टकराव और कानून-व्यवस्था को देखते हुए पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात है। परशुराम सेना ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है, वहीं पुलिस बिना अनुमति किसी भी विरोध या सभा को रोकने के लिए मुस्तैद है।
1 मार्च 2026 को 07:20 am बजे
पुलिस ने सुनिश्चित की शांति व्यवस्था

छतरपुर नगर में आज आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) आदित्य पटले ने पुलिस फोर्स को विस्तृत ब्रीफिंग दी। उन्होंने फोर्स को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए कार्यक्रम स्थल पर रवाना किया। ब्रीफिंग के दौरान एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने फोर्स को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बनाए रखा जाएगा और जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में निरंतर गश्त सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें पूरे दिन और आवश्यकतानुसार रात्रि में भी क्षेत्र का भ्रमण करती रहेंगी ताकि किसी भी असामाजिक तत्व को कोई अवसर न मिले।
1 मार्च 2026 को 07:19 am बजे
नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कानूनी कार्यवाही

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी शर्त का उल्लंघन पाया जाता है, तो आयोजकों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 152, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और मध्य प्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 के तहत कठोर कार्यवाही की जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूम को भी अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अनुमति नगर पुलिस अधीक्षक और संबंधित थाना प्रभारियों के सकारात्मक अभिमत के बाद ही सशर्त प्रदान की गई है।
1 मार्च 2026 को 07:19 am बजे
हथियारों के प्रदर्शन और पुतला दहन पर सख्त मनाही
सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रैली या सभा में कोई भी व्यक्ति अस्त्र-शस्त्र, फरसा, चाकू, तलवार या लाठी लेकर शामिल नहीं होगा। किसी भी व्यक्ति या संस्था का पुतला दहन करना भी सर्वथा वर्जित रहेगा। प्रदर्शन के दौरान ईंट, पत्थर या सोडा वाटर की बोतलें जैसी सामग्री एकत्रित करना दंडनीय अपराध माना जाएगा। इसके अलावा, आयोजकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि साप्ताहिक बाजार, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस जैसे आवश्यक वाहनों का रास्ता किसी भी सूरत में बाधित न हो।
1 मार्च 2026 को 07:18 am बजे
भड़काऊ भाषण और डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बेहद सख्त शर्तें लागू की हैं। कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या भड़काऊ भाषण, नारे और ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा जिससे किसी जाति, धर्म या संप्रदाय की भावनाएं आहत हों। माननीय उच्चतम न्यायालय और एनजीटी के आदेशों का हवाला देते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे आयोजन के दौरान डीजे (DJ) पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही, पूरे कार्यक्रम की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराई जाएगी। यदि मंच से किसी भी प्रकार की वैमनस्य फैलाने वाली बात कही जाती है, तो अनुमति को तत्काल प्रभाव से निरस्त मानकर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।
1 मार्च 2026 को 07:18 am बजे
रैली का मार्ग और समय हुआ निर्धारित
प्रशासन द्वारा जारी अनुमति के अनुसार, कार्यक्रम का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 15:00 (3 बजे) तक तय किया गया है। रैली के लिए एक निश्चित रूट निर्धारित किया गया है, जिसके तहत कार्यकर्ता सागर रोड से शुरू होकर विजावर नाका पहुंचेंगे और वहां से कार्यक्रम स्थल अटल सभागार की ओर सभा के लिए प्रस्थान करेंगे। सभा समापन के पश्चात वापसी का मार्ग विजावर नाका से चौबे तिराहा और बस स्टैंड होते हुए नौगांव की ओर तय किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आयोजक केवल इसी निर्धारित मार्ग का उपयोग करेंगे और किसी भी स्थिति में अन्य रास्तों पर शक्ति प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा।
1 मार्च 2026 को 07:16 am बजे
जिला प्रशासन ने दी सशर्त अनुमति
भीम आर्मी भारत एकता मिशन के मध्य प्रदेश अध्यक्ष सुनील बैरसिया के प्रस्तावित छतरपुर दौरे और एक दिवसीय कार्यक्रम को जिला प्रशासन ने हरी झंडी दे दी है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी (SDM) कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह कार्यक्रम 01 मार्च 2026 (रविवार) को शहर के अटल सभागार भवन में आयोजित किया जाएगा। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संतोष रैदास द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर विचार करते हुए प्रशासन ने कड़े नियमों और सुरक्षा मानकों के साथ इस आयोजन की अनुमति प्रदान की है।


