सागर, स्वाति सोलंकी। आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव की सभा को लेकर सागर में चल रहा विवाद शनिवार को सड़क पर आ गया। दामोदर यादव के सागर पहुंचने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह नजर आया, वहीं कार्यक्रम के विरोध में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा संभाल लिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका के चलते मोतीनगर चौराहा पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
बताया गया कि करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेन्द्र राणा को पुलिस ने पहले राहतगढ़ के बगरोड़ के पास रोक लिया था, लेकिन वे दूसरे रास्ते से होते हुए सागर के मोतीनगर चौराहे तक पहुंच गए। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी जुट गए और दामोदर यादव की सभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर पुलिस और करणी सेना कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया और ओकेन्द्र राणा को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि करणी सेना के 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना के बाद मोतीनगर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
इधर, दामोदर यादव की सभा को लेकर उनके समर्थकों में उत्साह बना हुआ है। वहीं करणी सेना लगातार कार्यक्रम का विरोध कर रही है। दोनों पक्षों के बीच टकराव की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सागर एसपी अनुराग सुजानिया भी मोतीनगर थाने पहुंचे और अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फिलहाल दामोदर यादव की सभा और करणी सेना के विरोध के चलते सागर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच किसी भी तरह के टकराव को रोकने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।




