एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें कैंसिल होने से बढ़ा संकट, विदेशों में फंसे एमपी के यात्री

Advertisement
इंदौर। इजराइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर की गई सैन्य कार्रवाई के बीच यूएई में सुरक्षा हालात बिगड़ने की खबर है। दुबई में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला होने की सूचना के बाद एहतियातन दुबई के सभी एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। इसके चलते आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दी गई हैं।
इस स्थिति का सीधा असर मध्य प्रदेश के यात्रियों पर पड़ा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह से इंदौर आने वाली फ्लाइट IX-256 रद्द कर दी गई है। साथ ही शनिवार और रविवार की IX-255 (इंदौर–शारजाह) और IX-256 (शारजाह–इंदौर) दोनों उड़ानें कैंसिल होने से 100 से अधिक यात्री दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।
जानकारी के मुताबिक शारजाह से इंदौर के लिए यह फ्लाइट यूएई समयानुसार दोपहर 12:20 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन आखिरी समय में इसे रद्द कर दिया गया। कई यात्री पहले ही दुबई पहुंच चुके थे और शारजाह से कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाले थे, जो अब वहीं फंसे हुए हैं। शारजाह एयरपोर्ट और अबू धाबी एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
शादी में गए इंदौर के नेता और कारोबारी भी फंसे
सूत्रों के अनुसार दुबई में एक शादी समारोह में शामिल होने इंदौर से कई नेता, बिल्डर और कारोबारी पहुंचे थे। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, सहारा ग्रुप के मनीष सहारा, अग्रवाल समूह के संजय अग्रवाल, सी-21 मॉल के मालिक पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी सहित अन्य लोग शामिल हैं।
पूर्व विधायक संजय शुक्ला बोले—हम सुरक्षित हैं
दैनिक भास्कर से बातचीत में पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं। जिस स्थान पर वे ठहरे हैं, वहां हालात सामान्य हैं और घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी वापसी शारजाह से होनी है और फ्लाइट को लेकर स्थिति रविवार को स्पष्ट होने की उम्मीद है।
परिवार, महिलाएं और बच्चे भी परेशान
फंसे यात्रियों में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर समेत मध्य प्रदेश के कई जिलों के लोग शामिल हैं। बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और बच्चे भी हैं। एक यात्री ने बताया कि वे आठ घंटे से अधिक समय से शारजाह एयरपोर्ट पर बैठे हैं, लेकिन एयरलाइन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। होटल बुकिंग की अवधि खत्म हो चुकी है, खाने-पीने की भी दिक्कत हो रही है और बच्चों को संभालना मुश्किल हो गया है।
रिफंड या रीबुकिंग का विकल्प
एयर इंडिया एक्सप्रेस के अनुसार इजराइल–ईरान जंग के चलते यूएई सहित मध्य पूर्व के कई देशों ने अपने एयरस्पेस में प्रतिबंध लगाए हैं। सुरक्षा कारणों से शारजाह–इंदौर रूट की उड़ानें रद्द की गई हैं। यात्रियों को टिकट का पूरा रिफंड या बाद की तारीख में रीबुकिंग का विकल्प दिया जा रहा है, हालांकि वैकल्पिक उड़ानों की संख्या सीमित होने से तत्काल राहत नहीं मिल पा रही है।


