छतरपुर,विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बसारी गेट इलाके में एक दुकानदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार हाल ही में नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में दुकान संचालन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद ईद के अवसर पर आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिंदू दुकानदारों का फूल देकर स्वागत किया था।
आरोप है कि जिस दुकानदार का स्वागत किया गया था, उसी के साथ देर रात कुछ युवकों ने मस्जिद के बाहर दुकान लगाने को लेकर पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकानदार के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद मामला सिटी कोतवाली पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय प्रशासन द्वारा क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

