इंदौर घटना को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कोठी चौराहे पर पुतला दहन का प्रयास विफल

Nowgong Protest
Advertisement
नौगाँव। इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई लोगों की मौत और उसके बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कथित व्यवहार को लेकर नगर कांग्रेस व युवक कांग्रेस ने शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे कोठी चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप यादव एवं ब्लॉक अध्यक्ष सर्वेश तिवारी ने किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इंदौर की घटना बेहद गंभीर है, लेकिन सरकार और जिम्मेदार मंत्री संवेदनहीन रवैया अपना रहे हैं। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन करने का प्रयास किया।
हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल की सतर्कता के चलते पुतला दहन नहीं हो सका। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारी मायूस नजर आए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने दबाव बनाकर उनका शांतिपूर्ण विरोध रोक दिया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रशासन की कथित तानाशाही के कारण वे अपना विरोध दर्ज नहीं करा पाए। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है और जिम्मेदारी से बच रही है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे, वहीं स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
