बटियागढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा मंत्रियों के पुतला दहन की कोशिश, पुलिस ने रोका

Advertisement
बटियागढ़, राजेंद्र तिवारी। विधानसभा में भाजपा मंत्रियों द्वारा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के प्रयोग से नाराज़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज बटियागढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर चौक पर भाजपा मंत्रियों का पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतले छीनकर पुतला दहन को रोक दिया और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया।
यह प्रदर्शन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस बटियागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश पटेल के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि विधानसभा में भाजपा मंत्रियों द्वारा कांग्रेस नेताओं के साथ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। इसी के विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेस द्वारा पुतला दहन का कार्यक्रम किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता राव ब्रजेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत बटियागढ़ में भी पुतला दहन कर विरोध जताया जा रहा था, जिसे पुलिस ने रोक दिया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखा गया। किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
