शिकायतकर्ता महिला पर भी आधा एकड़ भूमि कब्जे का आरोप, कार्रवाई पर उठे सवाल

Advertisement
देवरी कला (त्रिवेन्द्र जाट)। सागर जिले की देवरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खकरिया में एक बड़े नाले पर अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम की ही एक महिला ने बार-बार सागर कलेक्टर और देवरी एसडीएम के पास शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पटवारी रिकॉर्ड के अनुसार करीब 4 लोगों पर अतिक्रमण पाया गया और सभी को नोटिस जारी किए गए। इनमें शिकायतकर्ता महिला का भी लगभग आधा एकड़ भूमि पर अतिक्रमण होने का पता चला, जिसके लिए उन्हें भी नोटिस जारी किया गया।
हालांकि, राजस्व विभाग ने दोबारा कार्रवाई केवल एक व्यक्ति मुकेश कुर्मी पर ही की, जबकि बाकी तीन लोगों और शिकायतकर्ता महिला पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे प्रशासन पर पक्षपात और साठगांठ का गंभीर आरोप लग रहा है। मुकेश कुर्मी का दावा है कि उनके पास 1985 के पुराने कागजात हैं, लेकिन 2024 में राजस्व विभाग द्वारा हेरफेर कर उनके रकबे को सरकारी भूमि बना दिया गया। यह मामला वर्तमान में सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद कोर्ट केस चलने के दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, जबकि शिकायतकर्ता महिला के अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों और प्रभावित पक्ष का कहना है कि यह चयनात्मक कार्रवाई है, जो निष्पक्ष नहीं लग रही। पूरे गांव के पानी निकासी के लिए महत्वपूर्ण इस नाले पर अतिक्रमण से जलभराव और अन्य समस्याएं बढ़ रही हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि सभी अतिक्रमणकारियों पर समान रूप से कार्रवाई हो और मामले की निष्पक्ष जांच हो।
