भोपाल,जीतेंद्र यादव। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पावन पर्व हनुमान जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्री हनुमान जी की कृपा सभी पर बनी रहे और उनके आशीर्वाद से प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण कायम रहे।


मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भगवान श्री हनुमान शक्ति, भक्ति और सेवा के अद्वितीय प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें निस्वार्थ भाव से कार्य करने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने और विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य एवं साहस बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की अटूट भक्ति और समर्पण की भावना हम सभी के लिए अनुकरणीय है।


डॉ. मोहन यादव ने आगे कहा कि हमें भगवान श्री हनुमान जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उनके आशीर्वाद और सद्प्रेरणा से हम अपने जीवन के निर्धारित लक्ष्यों और संकल्पों की पूर्ति कर सकते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस पावन अवसर पर समाज सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और सकारात्मक कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करें।


मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हनुमान जयंती का यह पावन पर्व हमें एकजुटता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। इस दिन हमें अपने अंदर सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। प्रदेशभर में हनुमान जयंती के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन के आयोजन हो रहे हैं। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन कर रहे हैं और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने अंत में सभी नागरिकों के सुखद, सुरक्षित और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि भगवान श्री हनुमान जी सभी के जीवन में ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करें।