छतरपुर,संजय अवस्थी। नगर पालिका परिषद छतरपुर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें इस वर्ष का 561 करोड़ रुपये का बजट 3 करोड़ रुपये की बचत के साथ सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में विधायक ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी माधुरी शर्मा, सांसद प्रतिनिधि उपेन्द्र प्रताप सिंह सहित सभी पार्षदगण मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य एजेंडा बजट पारित करना था। नगर पालिका के अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत 561 करोड़ रुपये के बजट को सभी सदस्यों ने बिना किसी असहमति के पास कर दिया। इस बजट में शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इन कार्यों की नियमानुसार निविदा प्रक्रिया अपनाकर शीघ्र शुरू कराए जाएंगे।
बैठक में नगर पालिका की आमदनी बढ़ाने के लिए लगभग 20 से 25 करोड़ रुपये के नीलामी और आवंटन के प्रस्ताव भी रखे गए, जिन्हें भी सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर लाइट व्यवस्था, तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा अन्य विकास कार्यों के लिए करीब 5 से 7 करोड़ रुपये के अतिरिक्त प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने बैठक के बाद बताया कि आज सभी सदस्यों की पूर्ण सहमति से जो बजट पारित किया गया है, वह पूरी तरह शहर के समग्र विकास पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि छतरपुर शहर सुंदर और सुविधाजनक बने।

