छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के व्यापारिक गलियारों से इस वक्त की एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय जीएसटी (CGST) की एक विशेष टीम ने शहर में डेरा डाल दिया है। बताया जा रहा है कि टीम के राडार पर शहर के कई बड़े और प्रतिष्ठित व्यावसायिक संस्थान हैं, जिन पर आने वाले समय में बड़ी छापामार कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता और गोपनीयता को देखते हुए केंद्रीय टीम के अधिकारियों द्वारा फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की जा रही है।
नारायणपुरा मार्ग पर एक्साइज केयर के गोदाम पर जांच शुरू
जीएसटी टीम की इस गोपनीय मुहिम के तहत शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। सेंट्रल जीएसटी की टीम ने शहर के नारायणपुरा मार्ग पर स्थित स्टार गार्डन के पास 'एक्साइज केयर डिस्ट्रीब्यूटर' के गोदाम पर औचक दबिश दी। टीम के पहुंचते ही पूरे इलाके के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने गोदाम को अपने घेरे में लेकर वहां रखे स्टॉक, खरीद-बिक्री के दस्तावेजों और बिलों की सघन जांच शुरू कर दी है।
लाखों रुपये की जीएसटी चोरी उजागर होने के आसार
इस हाई-प्रोफाइल छापे को लेकर बाजार में कयासों का बाजार गर्म है। विभागीय सूत्रों की मानें तो इस डिस्ट्रीब्यूटर फर्म के दस्तावेजों की जांच के बाद लाखों रुपये की माल एवं सेवा कर (GST) की बड़ी चोरी उजागर हो सकती है। टीम के अधिकारी बारीकी से स्टॉक मिलान और इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़े कागजातों को खंगाल रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस जांच का दायरा शहर के कुछ अन्य बड़े फर्मों तक भी पहुंच सकता है। फिलहाल, गोदाम पर जांच की कार्रवाई निरंतर जारी है।

