बटियागढ़,राजेन्द्र तिवारी। जनपद पंचायत बटियागढ़ के आजीविका भवन में “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पथरिया एसडीएम निकेत चौरसिया, बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी, जनपद पंचायत सीईओ अश्वनी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि पंडित नरेंद्र व्यास, मंगल कुशवाहा मौजूद रहे।
शिविर में बटियागढ़ ब्लॉक के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। इस दौरान जाति प्रमाण पत्र, नामांतरण, बंटवारा, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न राजस्व एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्य संपादित किए गए।
एसडीएम निकेत चौरसिया ने बताया कि यह अभियान चार चरणों में संचालित किया गया था। पहले चरण में 16 फरवरी तक आवेदन लिए गए थे, जिसके बाद अलग-अलग शिविरों के माध्यम से समस्याओं का निराकरण किया गया। बटियागढ़ विकासखंड में कुल 9,290 आवेदन प्राप्त हुए थे।
उन्होंने बताया कि तीन क्लस्टरों में अधिकांश आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदनों का समाधान इस विकासखंड स्तरीय शिविर में किया गया। प्रशासन द्वारा शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

