कुवैत से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के अंदर बम होने की धमकी मिली। विमान में मिले एक टिश्यू पेपर पर लिखे नोट में फ्लाइट को हाईजैक कर उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद पायलट ने तुरंत अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-1728 में हुई। जैसे ही क्रू मेंबर्स को धमकी भरा नोट मिला, उन्होंने तत्काल पायलट-इन-कमांड को सूचना दी। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को नजदीकी हवाई अड्डे अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे।
एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, सघन तलाशी
इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। CISF, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने तुरंत मोर्चा संभाला। विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल के एक अलग हिस्से में रखा गया।
इसके बाद विमान के हर हिस्से की गहन जांच की गई। यात्रियों के सामान, सीटों, ओवरहेड बिन, कॉकपिट और कार्गो एरिया की सघन तलाशी ली गई। साथ ही यात्रियों की पहचान और दस्तावेजों का दोबारा सत्यापन भी किया गया।
यात्रियों में दहशत, जांच जारी
अचानक हुई इस घटना से कुछ यात्रियों में घबराहट देखी गई, हालांकि सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यात्रियों को शांत कराया। एहतियातन एयरपोर्ट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इस आपात स्थिति के चलते कुछ समय के लिए एयरपोर्ट की सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरा नोट लिखने वाले की पहचान करने में जुटी हुई हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

