सागर,जीशान खान। सागर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बम्होरी तिगड्डा के पास एक शादी समारोह में दो परिवारों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हाईवे के पास स्थित ग्राम बाग खेजरा में शनिवार रात एक शादी समारोह आयोजित था। समारोह में शामिल होने के लिए बब्लू पांडेय भी पहुंचे थे। वहीं अनिल पांडेय भी मौजूद था। दोनों के बीच पहले से मारपीट की पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे झूमाझटकी में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उस समय विवाद शांत करा दिया था और बब्लू पांडेय को वहां से घर भेज दिया गया था। इसी बीच उनके भाई प्रदीप पांडेय अपने बेटे रचित पांडेय के साथ बम्होरी तिगड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फिर विवाद ने उग्र रूप ले लिया।


आरोप है कि हमलावरों ने प्रदीप पांडेय और उनके बेटे रचित पर साइकिल की चेन और पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान प्रदीप पांडेय की मौत हो गई, जबकि रचित की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। मृतक के भाई रामअवतार उर्फ बब्लू पांडेय ने बताया कि आरोपी पक्ष से उनका लगभग 25 साल पुराना विवाद चल रहा है। दोनों परिवार गांव में सरपंच पद के चुनाव में भी आमने-सामने रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि वह शादी समारोह में गए थे, जहां विवाद हुआ था। लोगों ने समझाइश देकर मामला शांत कराया और उन्हें घर भेज दिया था। बाद में देर रात पुलिस से सूचना मिली कि उनके भाई प्रदीप की हत्या कर दी गई है और उनका भतीजा रचित गंभीर रूप से घायल है। घटनास्थल से पुलिस को खून से सने पत्थर और साइकिल की चेन भी बरामद हुई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण यह मारपीट हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक घायल है। शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी अनिल पांडेय सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।