Tuesday, February 24, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशछतरपुरट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, मामला संदिग्ध

ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, मामला संदिग्ध

Post Media
News Logo
PeptechTime
20 फ़रवरी 2026, 09:27 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

चंदला,जीतेन्द्र तिवारी। ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार एक नवयुवक की मौत का मामला संदिग्ध होता जा रहा है। मृतक की पहचान बंसिया गांव निवासी रोहित पिता सुखदेव विश्वकर्मा के रूप में हुई है। घटना को लेकर चश्मदीदों और घायल साथी के बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।



घटना का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे रोहित विश्वकर्मा अपने साथी सीपू विश्वकर्मा के साथ बाइक से चंदला से अपने गांव बंसिया गांव लौट रहा था। इसी दौरान सड़क हादसा हुआ, जिसमें रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सीपू विश्वकर्मा घायल हो गया।



परिजनों का दावा
मृतक के चचेरे भाई सुनील विश्वकर्मा ने बताया कि वह और विनोद अलग-अलग बाइकों से चंदला बाजार आए थे। शाम करीब 7 बजे घर लौटते समय सुनील की बाइक रोहित की बाइक से लगभग 100 मीटर पीछे थी। तभी चंदला की ओर से बंसिया जा रहे लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर ने रोहित की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर का पहिया रोहित के सीने से होकर निकल गया और चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना में रोहित की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठे दूसरे साथी सीपू को मामूली चोटें आईं।



घायल साथी का बयान अलग
शुक्रवार को चंदला स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान सीपू विश्वकर्मा ने कैमरे पर कुछ अलग ही कहानी बताई। उसके अनुसार वह और रोहित एक ही बाइक से प्लाई लेकर जा रहे थे। चौबिन ताला के पास बाइक खड़ी कर वे पढ़री गांव निवासी एक साथी के साथ गांजा पीने लगे। इसी दौरान बंसिया की ओर से आ रहे रेत से भरे लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर ने बाइक पर रखी प्लाई को टक्कर मार दी। प्लाई गिरने पर रोहित ट्रैक्टर की ओर दौड़ा और ट्रैक्टर पर चढ़ गया। ट्रैक्टर में चालक सहित एक अन्य व्यक्ति सवार था। हालांकि सीपू यह स्पष्ट नहीं कर सका कि चालक ने रोहित को धक्का दिया, लात मारी या रोहित असंतुलित होकर ट्रैक्टर के नीचे आ गया। सीपू ने यह भी बताया कि वह और उसका भाई पहले से शराब का सेवन किए हुए थे। वहीं मृतक के शरीर पर ट्रैक्टर से कुचलने जैसी गंभीर चोटें स्पष्ट नहीं दिखने की बात भी सामने आई है।



परिवार ने उठाए सवाल
मृतक के बहनोई अमित विश्वकर्मा ने बताया कि शरीर पर दिख रही चोटों को देखकर यह सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं लगती। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई पुलिस जांच और पीएम रिपोर्ट से ही सामने आएगी।



पोस्टमार्टम और जांच
शुक्रवार दोपहर डॉक्टर राहुल अहिरवार की मौजूदगी में चंदला के डेथ हाउस में पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला सड़क हादसा है या किसी साजिश की आशंका है।



ओवरलोड रेत ट्रैक्टरों पर सवाल
घटना के बाद चंदला क्षेत्र में ओवरलोड रेत से भरे ट्रैक्टरों की आवाजाही पर भी सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिन-रात सड़कों पर दौड़ते ऐसे ट्रैक्टर किसी भी वक्त जानलेवा साबित हो सकते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और प्रशासन इनके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)