इंदौर,रविकांत वर्मा। इंदौर शहर में शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आईटी कंपनी की आड़ में चल रही फर्जी एडवाइजरी कंपनी के जरिए भोले-भाले निवेशकों को निशाना बनाया जा रहा था। थाना तुकोगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभय प्रशाल के सामने संचालित इंफिनिक्स इन्फोटेक कंपनी के कार्यालय पर छापा मारकर इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया है।
दरअसल, अभय प्रशाल क्षेत्र में इंफिनिक्स इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक कंपनी संचालित की जा रही थी, जिसकी आड़ में फर्जी निवेश सलाहकार (एडवाइजरी) कंपनी चलाई जा रही थी। यहां करीब 200 से अधिक युवक-युवतियों को नौकरी पर रखा गया था, जिन्हें सॉफ्टवेयर के माध्यम से लोगों को शेयर मार्केट में निवेश के लिए आकर्षित करने का टास्क दिया जाता था। कर्मचारियों को टारगेट पूरा करने पर भारी इंसेंटिव का लालच भी दिया जाता था।
कंपनी के संचालक मनीष पांडे सहित अन्य आरोपी कॉल के जरिए लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देते थे। देपालपुर निवासी नितीश भगत भी इस गिरोह का शिकार बने। आरोपियों ने पहले उन्हें छोटे मुनाफे का भरोसा दिलाया, फिर एक महिला के जरिए विश्वास में लेकर करीब 4 लाख 80 हजार रुपये का निवेश करवाया।
पीड़ित को एक मोबाइल एप और सॉफ्टवेयर के जरिए लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा, लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने थाना तुकोगंज में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के कार्यालय पर छापा मारा, जहां करीब ढाई सौ कर्मचारी काम करते मिले। छापे के दौरान 23 CPU, 14 लैपटॉप, DVR, मॉनिटर, 66 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, चेकबुक और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। इन सभी उपकरणों का उपयोग देशभर के लोगों को ठगने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में मनीष पांडे, अनिमेष चौहान, संदीप त्यागी, अनुराग सैंडलानी और नेहा जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अन्य राज्यों के लोगों को भी अपना शिकार बना चुका है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि ठगी की रकम करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है।
जितेंद्र सिंह यादव, थाना प्रभारी तुकोगंज
“आरोपियों द्वारा शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही थी, फिलहाल मामले की जांच जारी है…”


