भोपाल,जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के नेहरू नगर स्थित करुणाधाम आश्रम में भव्य शिवालय निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने विधि-विधान के साथ आयोजित पूजन में भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा और भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आश्रम परिसर में बनने वाला यह भव्य शिव मंदिर करीब 140 फीट ऊंचा होगा, जिसमें भगवान शिव का विशाल शिवलिंग स्थापित किया जाएगा। मंदिर निर्माण को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और इसे क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ संपन्न किया गया।
मंदिर की एक विशेष खासियत यह भी होगी कि इसके नीचे लगभग 200 वाहनों के लिए पार्किंग की आधुनिक सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और आयोजन को सफल बनाने में आश्रम प्रबंधन तथा स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

